सात साल पहले बद्दो को पकड़ने
मेरठ। पुलिस कस्टडी से फरार ढाई लाख का इनामी कुख्यात बदन सिंह बद्दो प्रदेश के मोस्ट वांटेड बदमाशों की सूची में शामिल हो गया है। बद्दो की गिरफ्तारी के लिए जहां यूपी पुलिस, यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस जाल बिछा रही है तो अब एसटीएफ की उस टीम को भी टास्क दिया गया है जिसने साल 2012 में बद्दो को गिरफ्तार किया था। हालांकि रविवार रात तक पुलिस यह तक पता नहीं लगा पाई कि बद्दो किस दिशा में भागा था। पुलिस कभी उसके पंजाब में तो कभी विदेश भागने की बात कह रही है।
28 मार्च को मेरठ से पुलिस कस्टडी से भागे शातिर बदन सिंह बददो को ढूंढना पुलिस के लिए चुनौती बना है। बद्दो यदि विदेश भागा तो आखिर कहां से और कैसे पकड़ा जाएगा यह जवाब पुलिस के पास भी नहीं है। फर्रुखाबाद जिले की पुलिस को मोहरा बनाकर बद्दो ने गुर्गो के सहयोग से फरार होने की पूरी प्लानिंग की। चर्चाएं हैं कि इसमें काफी मोटी रकम बद्दो ने पुलिस को दी। जिस होटल से भागा उस होटल मुकुट महल होटल के मालिक मुकेश गुप्ता, पपीत बढ़ला, लल्लू मक्कड़, सोनू सहगल, डिपिन सूरी, शिशुपाल, जवाहरलाल उर्फ पिंकू, एहतेशाम समेत कई लोगों की भूमिका बद्दो की फरारी में रही। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रघुराज सिंह का कहना है कि इन सभी पर पुलिस ने रविवार को धारा 204 भी बढ़ा दी।
उस समय था डेढ़ लाख का इनामी
पुलिस के अनुसार साल 2012 में एसटीएफ मेरठ की टीम के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र यादव ने बद्दो की गिरफ्तारी की थी। उस समय बद्दो पर मेरठ और दिल्ली से डेढ़ लाख का इनाम था। मौजूद समय में धर्मेंद्र यादव एसटीएफ प्रयागराज में हैं। ऐसे में मेरठ, नोएडा और लखनऊ के साथ प्रयागराज एसटीएफ ने भी जाल बिछा दिया है। फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की चार टीमें पंजाब में बद्दो की तलाश कर रही हैं। वहीं यह भी चर्चा है कि बद्दो विदेश में भाग सकता है, जिसकी आस्ट्रेलिया में भी संपत्ति बताई गई है। पुलिस ओर क्राइम ब्रांच छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शासन से बद्दो पर जल्द ही पांच लाख का इनाम हो सकता है।
कई बिंदुओं पर जांच
बद्दो को भगाने में जिन-जिन की भूमिका है, उन पर पुलिस काम कर रही है। कई बिंदु ऐसे हैं जिन पर जांच टिकी है। जल्द ही इनामी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में पुलिस कोई लापरवाही नहीं बरतेगी। -नितिन तिवारी, एसएसपी