बड़ौत (बागपत)।
पिछले कई दिन से नगर और क्षेत्र मेें हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश से गांव व शहर की गलियों मेें दो से तीन फुट तक गंदा पानी भर गया है, चारों ओर ग्रामीण जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं बरसात ने पालिका द्वारा नाले सफाई के दावे की पोल भी खोल दी है। जौनमाना गांव में बरसात से कई मकानों क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर गांव में पहुंचे एसडीओ कृषि और सचिव को आक्रोशित ग्रामीणों ने बंधक बनाया। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस से भी ग्रामीण भिड़ गए। बढ़ते हंगामे को देख एसडीएम व बीडीओ मौके पर पहुंचे और किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
पिछले दो दिन से चल रही मूसलाधार बरसात से जहां जौनमाना मेें कृष्ण पुत्र बेगराज, उमर सिंह पुत्र कालू, नीटू पुत्र तेजपाल, निरंजन पुत्र ऋषिपाल आदि सहित आधा दर्जन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गांव की गलियों व मकानों में दो से तीन फुट तक गंदा पानी भर गया। लोगों ने इसकी सूचना बीडीओ प्रेमचंद को दी। सूचना पर बीडीओ ने एसडीओ कृषि तेजपाल चौहान, सचिव प्रिंस जैन मौके पर भेजे तो आक्रोशित लोगों ने उन्हेें बंधक बना लिया और ग्राम प्रधान पर तमाम आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने कहा जब से गांव में प्रधानी का चुनाव हुआ है, तब से अब तक गांव में पानी निकासी का समाधान नहीं हुआ। नाले बनाने के वादे किए थे जो पूरे नहीं हुआ। प्रधान अपने निजी कार्यों से अधिकांश समय बाहर रहते हैं। प्रधान बड़े-बडे वादे करते थे। सचिव भी पंचायत घर में बैठकर वापस चले जाते हैं। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो लोग उनसे भी भिड़ गए। बाद में एसडीएम अरविन्द कुमार द्विवेदी व बीडीओ प्रेमचन्द मौके पर पहुंचे और गांव मेें जनरेटर लगवाएं पानी निकासी की व्यवस्था करते हुए ग्रामीणों ने शांत किया। ग्रामीणों ने जल भराव का स्थायी समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बरवाला गांव में भी जल भराव से कई मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर प्रधान उपेंद्र व सचिव मौके पर पहुंचे और भारी बरसात के बीच जेसीबी मशीन लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की। प्रधान उपेंद्र व सचिव सतीश ने कहा जल्द ही ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से पूर्ण रूप से निजात मिलेगी। इसके अलावा लोयन, मलकपुर, बावली, हिलवाड़ी, बिजरौल आदि अधिकांश गांव में लोग जल भराव की समस्या से जूझते नजर आए।
दूसरी तरफ बरसात ने पालिका द्वारा नाले की सफाई की पोल खोल दी। नगर की गांधी रोड, नेहरू रोड, बिजरौल, महावीर मार्ग, डाकखाना रोड, कोताना रोड, तहसील गेट, गुराना रोड सहित अधिकांश मुख्य मार्गों पर जल भराव से लोग जूझते रहे। सड़कों पर अत्यधिक पानी होने के कारण वाहन बंद हो गए। आक्रोशित लोगों ने जल भराव को लेकर हंगामा किया। चेयरमैन अमित राणा ने कहा कि नाले की सफाई कराई, जल्द ही लोगों को जल भराव की समस्या से निजात मिलेगी।