शार्ट सर्किट से लगी आग, जलने से बची लाइब्रेरी
मेरठ। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को प्रिंसिपल कार्यालय की बिल्डिंग में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हालांकि गनीमत रही कि आग लाइब्रेरी तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। प्रिंसिपल कार्यालय के ऊपर गैलरी में शार्ट सर्किट होने से वहां पड़े फर्नीचर, गद्दे और अन्य सामान में आग लग गई। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। आग लाइब्रेरी को अपनी चपेट में लेती, इससे पहले ही फायर ब्रिगेड वहां पहुंच गई और आग बुझाई। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एसकेगर्ग ने बताया कि आग सिर्फ फर्नीचर आदि में लगी है। कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि आग की सूचना पर एक गाड़ी भेजी गई थी, जिसने आग पर काबू पा लिया। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस बिल्डिंग में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की घटना हो चुकी है। मेडिकल में आग बुझाने के भी पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। सिर्फ फायर एस्टिंग्यूशर के जरिए ही आग बुझाने के बंदोबस्त हैं।
ब्लड बैंक में शार्ट सर्किट से भी आग
मंगलवार को मेडिकल के ब्लड बैंक कार्यालय में भी शार्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे स्विच बोर्ड और फर्नीचर आदि जल गया। हालांकि कर्मचारियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया।