मेेेेरठ। एमसीटीएसएल द्वारा शुरू की जाने वाली मेरठ हेरिटेज दर्शन एसी बस सेवा की तैयारी जोर शोर से चल रही है। मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार के दिशा निर्देश पर चल रही यात्रा का सोमवार को बुकिंग काउंटर खोल दिया गया। पहले ही दिन 12 से ज्यादा टिकट बुक किए गए। फोन पर पूरे दिन यात्रा और टिकट बुकिंग के बारे में जानकारी ली जाती रही।
मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की ओर से मेरठियों को जिले के पर्यटक स्थल के दर्शन कराने के लिए मेरठ हेरिटेज दर्शन एसी बस सेवा शुरू की जानी है। बस का ट्रायल 10 फरवरी को किया जाना है। इसके साथ ही यात्रा के लिए सोहराबगेट डिपो पर टिकट बुकिंग काउंटर भी खोल दिया है। पहले दिन ही 12 से अधिक लोगों ने टिकट बुक कराए। सबसे पहला टिकट बागपत रोड निवासी आदित्य स्वरूप ने बुक कराया। कंपनी एमडी संदीप लाहा ने बताया कि यात्रा का टिकट 525 रुपये रखा गया है। यात्रा कमिश्नर कार्यालय से शुरू होगी। इसके बाद विक्टोरिया पार्क, किला गंधारी सरोवर, हस्तिनापुर पांडवेश्वर मंदिर, कर्ण मंदिर, अस्ठापाद, बड़ा जैन मंदिर, जम्बुदीप, सरधना रोमन कैथोलिक चर्च, बेगम समरु का महल, भोला झाल, गगोल तीर्थ, शाही ईदगाह, शहीद स्मारक, कांच का गुरुद्वारा होते हुए काली पल्टन मंदिर पर खत्म होगी। इस मौके पर विवेक खरे और अमित नागर मौजूद रहे।