मेरठ। शहर की सड़कों के गड्ढे अब हादसों का सबब बनने लगे हैं। बृहस्पतिवार शाम बागपत रोड पर एक ट्रक गड्ढे में फंसकर पलट गया। इस दौरान कई लोग ट्रक की चपेट में आने से बचे।
शाम करीब 7:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर से एक ट्रक किराना का सामान लेकर दिल्ली जा रहा था। बागपत बाईपास के निकट सीमेंट गोदाम के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों में ट्रक का पहिया फंस गया। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक को मामूली चोट आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस वक्त ट्रक पलटा, पास से ही एक ऑटो और राहगीर गुजर रहे थे, जो ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। कुछ देर यातायात भी बाधित रहा। एसओ टीपी नगर ब्रजेश शर्मा ने बताया कि देर रात क्रेन से ट्रक हटवाया गया।
कब भरेंगे ये गड्ढे
आसपास के लोगों का कहना है कि बागपत रोड पर भारी वाहनों का काफी दबाव रहता है। हरियाणा, पंजाब से बागपत के रास्ते शहर में माल वाहन वाहन आते-जाते हैं। लेकिन इन गहरे गड्ढों को भरवाने की किसी अधिकारी को सुध नहीं है। यहां आए दिन हादसे होते हैं। लोकनिर्माण विभाग भी इस तरह ध्यान नहीं दे रहा। सरकार का गड्ढा मुक्त सड़कों का प्लान भी फ्लॉप साबित हुआ।
- किराना का सामान लेकर दिल्ली जा रहा था, बागपत रोड पर हुआ हादसा