मेरठ। साइबर आरोपियों ने शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा परतापुर के उपल्हैड़ा गांव निवासी नितिन से 40 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने पर नितिन ने साइबर थाने पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस जांच कर रही है।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि नितिन एक साल पूर्व गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में नौकरी करता था। नितिन ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में उसके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। उनसे शेयर मार्केट में निवेश कर बड़े मुनाफे का लालच दिया गया। उन्होंने 24 नवंबर को आरोपियों के खाते में ऑनलाइन 50 हजार रुपये डाल दिए। नौ दिसंबर तक उन्होंने आरोपियों के खाते में 40.80 लाख रुपये डाले। इस दौरान उनके पास व्हाट्स एप के जरिए आरोपी बताते रहे कि उनके पैसे बढ़ गए हैं। जब उन्होंने 10 दिसंबर को पैसे निकालने का प्रयास किया तो पता चला कि अकाउंट से पैसे नहीं हैं। उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया मगर संपर्क नहीं हुआ। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एसपी क्राइम का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर युवती से 1.93 लाख ठगे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र की वंशिका रस्तोगी ने रविवार को नौचंदी थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 10 दिसंबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर पार्ट टाइम जॉब का लिंक देखा। इसके बाद वंशिका ने लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम अकाउंट से जोड़ दिया गया। आरोपियों ने उन्हें ऑनलाइन टास्क में मुनाफे का लालच दिया और छह बार में उनसे अलग-अलग बैंक खातों में 1.93 लाख रुपये डलवा लिए। उन्हें बताया कि उनके पैसे बढ़ गए हैं। जब उन्होंने खाते से मुनाफे समेत पैसे निकालने का प्रयास किया तो पता चला कि पैसे नहीं हैं। एसपी क्राइम अवनीश कुमार का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।