-महिला की तहरीर पर पुलिस ने की प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की एक महिला ने अज्ञात मोबाइल नंबरों से युवक पर फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोपी तीन महीने से महिला को परेशान कर रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने मेडिकल थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि पिछले करीब तीन महीने से उनके मोबाइल फोन पर दो अलग-अलग अज्ञात नंबरों से कॉल आ रही हैं। कॉल करने वाला खुद को सूरज नाम का व्यक्ति बताता है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी फोन पर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देता है।
आरोप है कि आरोपी की लगातार कॉल और धमकियों से वह परेशान हो गई है। आरोपी की धमकी के कारण उसका घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। आरोपी दिन में कई कॉल कर परेशान करता है। पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देता है। पुलिस कॉल करने वाले मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-