मेरठ। लोहियानगर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने शनिवार रात हथियार के बल पर स्क्रैप व्यापारी जाहिदुल से झुग्गी में घुसकर 40 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित के साथ मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
लोहियानगर थाना क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी निवासी जाहिदुल ने पुलिस को बताया कि वह स्क्रैप का काम करता है। शनिवार रात वह अपनी झुग्गी में मौजूद था। इसी बीच बाइक सवार तीन बदमाश जबरन उसकी झुग्गी में घुस गए। जहां उन्होंने पीड़ित को हथियार पर ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित से 40 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने आरोपी की हरकतों का विरोध करने का प्रयास किया, मगर बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की।
वहीं, लूट करने के बाद तीनों बदमाश भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि लूट से कुछ देर पहले ही उसने 25 हजार रुपये का सामान बेचा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में लग गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम बदमाशों को तलाश रही है।