मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र निवासी यशपाल चुग ने हरियाणा के रहने वाले यशपाल राणा पर व्यापार में पार्टनरशिप के बहाने 40 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। चुग की तहरीर पर पुलिस ने राणा के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यशपाल चुग ने शिकायत में बताया कि यशपाल राणा, जिसका हरिद्वार में ऑटो पार्ट बनाने की फैक्ट्री है, ने 2023 में उनसे फैक्ट्री में 50 प्रतिशत पार्टनरशिप का प्रस्ताव दिया था। पीड़ित ने आरोपी के कहने पर उसके खाते में 31 लाख रुपये और नौ लाख रुपये नकद जमा कराए थे। आरोप है कि पैसे लेने के बाद राणा ने पार्टनरशिप में मुनाफा नहीं दिया और अब तीन साल से पैसे वापस मांगने पर टालमटोल कर रहा है, साथ ही गाली-गलौज भी करता है। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।