कुत्ता ओटी भवन के लिए 35 लाख का प्रस्ताव तैयार
मेरठ। आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी रैबीज वेक्सीनेशन के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। परतापुर बाईपास स्थित शंकरनगर में बने शेल्टर होम में कुत्ता ओटी, प्री-ओटी निर्माण के साथ ही शेल्टर होम के नवीनीकरण के लिए 35 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। नगर आयुक्त की अनुमति के बाद इसका टेंडर कर दिया जाएगा। ओटी (ऑपरेशन थियेटर) आदि का निर्माण पूरा होने और जरूरी उपकरण लगने के बाद कुत्तों की नसबंदी कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा।
शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। कुत्तों के काटे जाने से लोग जख्मी हो रहे हैं और नगर निगम से कुत्तों पर लगाम लगाने की गुहार लगा रहे हैं। इसके लिए नगर निगम ने शंकर नगर में शेल्टर होम का निर्माण किया था।
कुत्तों की नसबंदी और एंटी रैबीज वेक्सीनेशन के लिए साउथ दिल्ली से आई वेटनरी टीम ने तीन दिन पहले शेल्टर होम का दौरा किया तो वहां कई खामियां मिली थी। टीम ने उन खामियों को दूर करने के साथ ही नसंबदी के लिए प्री-ओटी और ओटी बनाने की सलाह दी थी। नगर आयुक्त के निर्देश पर निर्माण विभाग ने इसका कार्य पूरा कर लिया है। अवर अभियंता राजेंद्र कुमार ने पूरे काम में 35 लाख रुपये खर्च होने का प्रस्ताव तैयार किया है।