संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र के गांव ईकड़ी और कस्बा खिवाई में राजस्व टीम ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की। एसडीएम उदित नारायण सेंगर के आदेश पर ईकड़ी में विवादित भूमि कुर्क की गई, जबकि खिवाई में 35 बीघा सरकारी भूमि पर कब्जा मुक्त कराए जाने की कार्रवाई संपन्न हुई। ईकड़ी में कुल 80 बीघा भूमि शामिल थी।
राजस्व निरीक्षक समर सिंह ने बताया कि खिवाई में सरकारी भूमि पर खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोतकर कब्जा हटाया गया। इस दौरान आरोपी पक्ष ने विरोध किया लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए स्थिति को शांत कराया। तहसील टीम में राजस्व निरीक्षक समर सिंह, लेखपाल अनुज कुमार और निशा शामिल थे।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से किसानों और आम लोगों के लिए सरकारी भूमि का संरक्षण सुनिश्चित होता है और भविष्य में अवैध कब्जों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से प्रशासन का संदेश जाता है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।