- चौधरी चरण सिंह विवि की कार्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि व उससे संबंधित कॉलेजों में स्नातक में बीए, बीकॉम, बीएससी एवं बीएससी एजी प्रथम वर्ष में 33 फीसदी सीटें बढ़ाने की अनुमति मिल गई है। ये सीटें उन्हीं कॉलेजों में बढ़ेंगी, जहां पहले से आवंटित सीटें भर चुकी होंगी। सभी कॉलेजों पर पाठ्यक्रम में सीट बढ़ोतरी का निर्णय समान रूप से लागू नहीं होगा। कॉलेजों को कारण बताते हुए सीट बढ़ोतरी का प्रस्ताव देना होगा।
यह निर्णय शुक्रवार को कुलपति प्रो.संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में हुई कार्यपरिषद की बैठक में लिया गया। विवि ने 13 छात्रों को शोध उपाधि प्रदान करने और 37वें दीक्षांत समारोह में 246 मेधावियों को पदक देने पर भी मुहर लगाई। समारोह में एक-एक छात्रो को कुलाधिपति स्वर्ण पदक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ.शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, दो किसान ट्रस्ट प्रदत्त पदक, 63 मेधावियों को प्रायोजित स्वर्ण पदक, 177 विद्यार्थियों को कुलपति स्वर्ण पदक और वर्ष 2024 के लिए दो कुलपति स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इनके अलावा 14 मेधावियों को विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र भी मिलेंगे। विवि ने कला क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए दीक्षांत में भीमजी कांजी को मानद उपाधि देने का निर्णय लिया।