मेरठ। मेरठ। सिविल लाइन थाने में यादगारपुर निवासी बिजेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी गोपाल तोमर के खिलाफ 30 लोगों से कमेटी के नाम पर 31.69 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने गोपाल के घर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
बीएसएनएल से रिटायर्ड बिजेंद्र ने बताया कि 10 जनवरी 2025 को उन्होंने गोपाल को एक लाख रुपये उधार दिए थे। चार महीने बाद पैसे मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। 10 नवंबर को गोपाल ने उन्हें एक चेक दिया, जो बैंक में जमा कराने पर बाउंस हो गया। इसके बाद बिजेंद्र परिजनों संग गोपाल के घर पहुंचे, जहां पता चला कि आरोपी घर बेचकर भाग गया है और लगभग 30 लोगों से लाखों रुपये ठग चुका है। पीड़ितों ने उसके घर के बाहर हंगामा भी किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और गोपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।