मेरठ। मेरठ जिले में शहर से लेकर देहात तक 16 हजार 222 लोग निगारानी में हैं। वहीं रोजाना 316 सैंपल की जांच की जा रही है। अभी तक जिले में 3522 लोग होम क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं। यह बात जिला अधिकारी अनिल ढींगरा ने मंगलवार को बचत भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों से जिले में कोरोना से लड़ने के एक्शन प्लान पर चर्चा की।
डीएम ने बताया कि जिले में निगरानी समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा अभी तक 21 लाख लोगों के घरों तक टीमों ने पहुंचकर उनकी जानकारी जुटाईं हैं। जिले में अभी तक 6132 सैंपलों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 756 नेगेटिव आए हैं।
दो हजार से ज्यादा मुकदमे हो चुके दर्ज
बैठक में एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि लॉकडाउन के पहले दिन से अब तक जिले में दो हजार से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, 3667 अभियुक्त हैं। 36910 वाहनों का चालान किया जा चुका है, जबकि 1457 वाहन सीज किए जा चुके हैं। इससे सात लाख 85 हजार 400 का शमन शुल्क प्राप्त हुआ है।
पिछले पांच दिनों में 930 गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि पिछले पांच दिनों में 930 लोगो को गिरफ्तार किया गया। आठ हजार से अधिक चालान और 394 वाहन सीज किए जा चुके है। उन्होंने बताया कि जली कोठी प्रकरण के आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। एनएसए की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि जिले में तब्लीगी जमात से जुड़े 371 लोगों को साइबर सेल ने ट्रेस किया। जिसमे 20 विदेशी थे और एक नेपाली।
मेडिकल की रिपोर्ट शासन तक पहुंची
जिलाधिकारी ने बताया कि मेडिकल में पिछले दो दिनों से मेडिकल में लापरवाही की जो वीडियो वायरल हुई है उनपर शासन को रिपोर्ट भेज दी है। जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी सख्त कार्रवाई की जाएगी।