‘इंस्पेक्टर साहब, मैंने पत्नी की हत्या कर दी’
शराबी युवक की बात सुनकर दौड़ी पुलिस, पत्नी सलामत मिली
कंकरखेड़ा।
इंस्पेक्टर साहब, मैंने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। उसकी लाश घर के बाहर पड़ी है। आप मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। थाने पहुंचे एक शराबी की यह बातें सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस उसको हिरासत में लेने के बाद आनन फानन उसके घर पहुंची, लेकिन घर पर पत्नी जिंदा मिली।
बृहस्पतिवार को नंगलाताशी निवासी विपिन उर्फ विक्की शराब के नशे में थाने पहुंचा। उसने कहा कि इंस्पेक्टर साहब, मैंने गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी है। मुझे गिरफ्तार कर लो। पुलिस को घर पर मिली उसकी पत्नी ने बताया कि उसका पति से झगड़ा हुआ था। वह आए दिन शराब पीता है। कुछ काम भी नहीं करता। विरोध करने पर पीटता है। आज भी पीटने के बाद कहीं चला गया है। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि युवक ने शराब पी हुई थी। उसने पत्नी की हत्या करने की बात कही थी। जो कि जांच में गलत निकली। उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।