अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। लोकसभा चुनाव का प्रथम चरण समाप्त होने के बाद से ही कई कर्मचारी एवं अधिकारी तहसील से बिना बताए छुट्टी पर चले जाते हैं। इस बाबत एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पत्र जारी कर बिना बताए गैरहाजिर रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में तहसील के सभी कर्मचारी बूथों की जिम्मेदारी, मतदाता सूची का मिलान, ईवीएम का प्रशिक्षण, जागरूकता अभियान में लगे हुए थे। चुनाव समाप्त होने के बाद बहुत से कर्मचारी एवं अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बिना बताए तहसील में नहीं आने के कारण फरियादियों को तहसील से बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने सभी को पत्र जारी करते हुए दिशा निर्देश दिए हैं कि यदि कोई बिना बताए छुट्टी या तहसील से नदारद रहता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि पत्र जारी कर सभी को चेतावनी दी गई है। यदि कोई कर्मचारी गैरहाजिर मिला तो कार्रवाई तय है।
मख्य बातें
एसडीएम ने तहसील कर्मचारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
तहसील में कर्मचारियों के नहीं रहने से बैरंग लौट रहे फरियादी
डीएम एवं सीडीओ ने किया शिक्षक को सम्मानित
मवाना। प्रथम चरण के चुनाव में बूथों पर मतदान कराने वाले पीठासीन अधिकारी व अन्य कर्मचारियों को वीवीपैट मशीन का प्रशिक्षण देने वाले राजकीय इंटर कॉलेज हस्तिनापुर के प्रवक्ता प्रशांत चौधरी को सुपर मास्टर ट्रेनर की जिम्मेदारी अच्छी निभाने पर डीएम अनिल ढींगरा व सीडीओ आर्यका अखौरी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रशांत चौधरी ने सुपर ट्रेनर की जिम्मेदारी निभाते हुए सभी को अच्छे तरीके से वीवीपैट मशीन की जानकारी दी थी। उनके सम्मानित होने पर शिक्षक वर्ग ने उन्हें बधाई दी है।