अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। पुलिस द्वारा गन्ने से लदे छह ट्रकों का चालान किए जाने के विरोध में रविवार को ट्रांसपोर्टरों ने चीनी मिल में हंगामा किया। इसके चलते लगभग तीन घंटा मिल में तौल बंद रही। बाद में मिल अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत कर तौल चालू कराई।
पुलिस द्वारा शनिवार को चेकिंग के दौरान गन्ने से लदे ट्रकों के कागजात आदि नहीं दिखाने पर छह को मवाना खुर्द पुलिस चौकी पर खड़े कर दिए हैं। जिसके विरोध में रविवार पूर्वाह्न 11 बजे के आसपास ट्रांसपोर्टर मिल में पहुंचे तथा हंगामा करना शुरू कर दिया। ट्रांसपोर्टरों का कहना था कि रात में ट्रक चालक को कागजात नहीं दिए जा सकते हैं। कई बार लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। यदि पुलिस चेकिंग के नाम पर इस प्रकार उत्पीड़न करेगी तो किस प्रकार वे कार्य कर सकेंगे। ट्रांसपोर्टरों द्वारा हंगामे के चलते लगभग तीन घंटा तक मिल में तौल कार्य ठप रहा। सूचना पाकर पहुंचे मिल अधिकारियों ने हंगामा कर रहे ट्रांसपोर्टरों से वार्ता कर पुलिस से बात करने आश्वासन देकर मामला शांत कराया। तब कहीं पुन: तौल का कार्य चालू हो सका। इस संबंध में मिल के उप महाप्रबंधक वीरेंद्र चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रांसपोर्टरों को आश्वासन देकर शांत कर दिया है। मिल में तौल कुछ देर के लिए बंद हुई थी। इसे बाद में चालू करा दिया है।