2.50 लाख रुपये एमडीए ने किए स्वीकृत,
02 दिन में पहुंचेंगे पीवीवीएनएल के खाते में
- रोहटा रोड पर खंभों ने रोका हुआ है नाला निर्माण
- स्थानीय लोग प्रशासन और एमडीए अधिकारियों से मिले
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। रोहटा रोड पर नाला निर्माण में अड़ंगा बने बिजली के चार खंभों को हटाने से पहले पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के अधिकारियों ने ढाई लाख रुपये मांग लिए हैं। हालांकि एमडीए ने यह बजट स्वीकृत कर दिया है। बताया जा रहा है कि दो दिन के भीतर धनराशि पीवीवीएनएल के खाते में पहुंच जाएगी, जिसके बाद निर्माण में आ रही यह बाधा हटेगी।
रोहटा रोड पर एमडीए द्वारा नाला निर्माण कार्य चल रहा है। दो दिन से नाला निर्माण कार्य इसलिए रुका पड़ा है कि नाले के बीच में 33 केवी के चार खंभे आ रहे हैं। पीवीवीएनएल ने खंभे हटाने की एवज में एमडीए से ढाई लाख रुपये मांगे। धन न मिलने के कारण निर्माण कार्य रुक गया। सोमवार को दुष्यंत रोहटा, दीपक सिरोही, हरेंद्र चौहान आदि ने नाला निर्माण शुरू कराने और बिजली के खंभे हटवाने की मांग को लेकर एडीएम सिटी मुकेश चंद्र और एमडीए के चीफ इंजीनियर से मुलाकात की। पीवीवीएनएल द्वारा खंभे हटाने की एवज में मांगी गयी धनराशि जारी करने की मांग की। चीफ इंजीनियर ने ढाई लाख रुपये पीवीवीएनएल को दिए जाने की कागजी कार्यवाही पूर्ण करने का आश्वासन दिया। साथ ही पीवीवीएनएल के अधिशासी अभियंता सोनू रस्तोगी से बात की। लेकिन उन्होंने धन मिलने से पहले खंभे हटाने का कार्य करने से इंकार कर दिया।