दून कालेज में डकैती का खुलासा, छह बदमाश गिरफ्तार
सहारनपुर। पुलिस ने दून कॉलेज के चेयरमैन के घर पड़ी डकैती का खुलासा करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से 40.90 लाख रुपये की नकदी, जेवरात, पिस्टल, तमंचे, कारतूस, बाइक और कार बरामद हुई हैं। कालेज में पुताई करने वाले ने ही बदमाशों को परिवार के पास बड़ी रकम होने की जानकारी दी थी और उन्नाव जेल में बंद हैदर तीतरों के गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया। एडीजी मेरठ जोन ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पचास हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
गत 29 दिसंबर को देहरादून हाईवे पर स्थित गांव सुंदरपुर में दून कॉलेज के चेयरमैन प्रवीन चौधरी के घर पर बदमाशों ने डकैती डाली थी। बदमाशों ने कॉलेज चेयरमैन के पिता इंद्र सिंह सागवान, मां लता रानी और भतीजे प्रियांशु को गन प्वाइंट पर लेकर वारदात को अंजाम दिया था। मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि पुलिस टीम ने थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में घेरकर्मा के जंगल से सरवेज, फरीद निवासी गांव तुरमतखेड़ी कोतवाली रामपुर मनिहारान, शराफत निवासी मोहल्ला सैय्यद अफगान थाना झिंझाना जनपद शामली, अंकुर निवासी गांव अनंतमऊ थाना नानौता, अरशद निवासी गांव बलवा गुर्जर कोतवाली नगर शामली, शाहिद उर्फ चांद निवासी मोहल्ला नीला रोजा थाना झिंझाना शामली को गिरफ्तार किया है। शाहिद ने पुलिस को बताया कि दून कालेज में पुताई का कार्य करने वाले उसके साथी वसीम निवासी रहमानी चौक कोतवाली मंडी (सहारनपुर) ने उन्हें बताया था कि दून कॉलेज के चेयरमैन के पास काफी रकम है। कॉलेज परिसर में बने चेयरमैन के घर में सिर्फ उसके माता-पिता रहते हैं। इस खुलासे के दौरान आईजी शरद सचान और एसएसपी दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।