गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत के ध्यानार्थ
सीसीएसयू प्रशासन ने वेबसाइट पर डाली कॉलेजों की सूची
सत्र 2018-19 में ऑनलाइन प्रवेशों पर लगाई रोक
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के आईजीआरएस पोर्टल पर की जा रहीं शिकायतों की सुनवाई नहीं करने वाले 14 कॉलेजों में एडमिशन पर यूनिवर्सिटी ने रोक लगा दी है। रजिस्ट्रार ने आदेश जारी कर दिया है। साथ ही कॉलेजों की सूची वेबसाइट पर डाल दी गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल शुरू किया था। इसमें कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की शिकायत कर सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पोर्टल पर की गई शिकायतों का संज्ञान ले लेते हैं। ऐसे में पोर्टल पर की गई शिकायतों को लेकर यूनिवर्सिटी ने कॉलेजों से गंभीरतापूर्वक निपटारा करने को कहा था। यूनिवर्सिटी ने 15 दिन पहले बीस कॉलेजों को इस संबंध में नोटिस जारी कर समस्या का निपटारा करने के निर्देश दिए थे। कुछ कॉलेजों ने समस्याओं का निपटारा कर दिया, लेकिन अभी भी बहुत कॉलेजों ने इन पर संज्ञान नहीं लिया। मंगलवार को रजिस्ट्रार ने इन कॉलेजों में सत्र 2018-19 के लिए ऑनलाइन प्रवेश पर रोक लगा दी है। इन कॉलेजों में केके जैन पीजी कॉलेज खतौली, शताब्दी इंस्टीट्यूट ऑफ एजेकुशन मेरठ, महावीर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज मेरठ, महादेव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रामनगर बागपत, आईआईएमटी कॉलेज मेरठ, जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शांति देवी डिग्री कॉलेज, महाराज सिंह कॉलेज सहारनपुर, आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज मेरठ, ज्ञान स्थली विद्यापीठ मोदीनगर, एसडी इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर, कॉलेज ऑफ एजुकेशन बिलासपुर गौतमबुद्घनगर, डीजे कॉलेज बड़ौत, श्रीकृष्णा कॉलेज ऑफ लॉ सहारनपुर शामिल हैं। इनमें से कई कॉलेजों की दो से तीन तक शिकायतें हैं।