ग्राम स्वराज अभियान:
43 गांवों को मिला 16 योजनाओं का लाभ
मेरठ। जनपद में 14 अप्रैल से पांच मई तक संचालित ग्राम स्वराज्य अभियान के अंतर्गत शनिवार को आजीविका एवं कौशल विकास दिवस का आयोजन चौधरी चरण सिंह विवि के बृहस्पति भवन सभागार में सम्पन्न हुआ। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की 16 योजनाओं का लाभ जनपद के 43 गांव व 16 वार्डों में सीधे लाभार्थियों को प्रदान किया गया है। कौशल विकास के अंतर्गत 30 युवाओं को नियुक्ति पत्र, 15 लाभार्थियों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ के स्वीकृति पत्र तथा 102 प्रतिभागियों को आजीविका मिशन, व्यवसायिक एवं कौशल विकास योजना आदि के प्रमाण-पत्र, सात महिला स्वयं सहायता समूहों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सराहनीय सहयोग करने वाले बैंक 10 शाखा प्रबंधकों व 13 अधिकारियों को सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसका शुभारंभ सांसद राजेंद्र अग्रवाल और पश्चिमी उप्र भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी ने किया।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार गांवों, गरीबों, नौजवानों व महिलाओं को समर्पित सरकार है, जो नित्य प्रतिदिन समाज के अन्तिम व्यक्ति के विकास को ध्यान में रखकर काम कर रही है । उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा देश में 14 अप्रैल से 05 मई तक ग्राम स्वराज्य अभियान के अंतर्गत 115 जिलों के चयनित 20 हजार ग्रामों की सूची तैयार कर उनमें निवासित पिछडे़ व गरीब लोगों को योजनाओं से आच्छादित कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की परिकल्पना को साकार किया है। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा, एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, सीडीओ आर्यिका अखौरी उपस्थित रहे। विधायक सत्यवीर त्यागी, विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर, एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर भाजपा अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, वीनस शर्मा ने ग्राम स्वराज्य अभियान के महत्व एवं सरकार की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
प्रदर्शनी भी लगाई
इस दौरान प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया। विकास विभाग से जुडे़ ग्राम विकास विभाग, पंचायत राज, खेल विभाग, स्वयं सहायता समूहों, कृषि, कौशल विकास़ आदि ने अपनी विभागीय योजनाओं प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने किया। अपर जिलाधिकारी नगर मुकेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक नगर श्रीप्रकाश द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट, एमपी सिंह, सभी खंड़, विकास अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी सहित पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।
खास बातें:
विवि में हुआ आजीविका एवं कौशल विकास दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
30 युवाओं को नियुक्ति पत्र, 15 लाभार्थियों को मिले योजनाओं के स्वीकृति पत्र