सीसीएसयू की सीटें बढ़ी, आवेदन कम
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
सीसीएसयू की प्रवेश प्रक्रिया में पंजीकरण संख्या पिछले साल के मुकाबले कम दिख रही है। जबकि नए सत्र के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल में एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में करीब 10 हजार सीटों बढ़ी हैं। सीट बढ़ने और पंजीकरण कम होने का असर मेरिट पर नजर आएगा। 17 जुलाई पंजीकरण की अंतिम तिथि है। विवि ने प्रोफेशनल कोर्स के पंजीकरण की तिथि बढ़ाकर 25 जुलाई कर दी है।
विवि ने स्नातक और परास्नातक कोर्स में प्रवेश के लिए पंजीकरण 22 जून से शुरू किए थे। एक बार तिथि बढ़ चुकी है। बृहस्पतिवार शाम सात बजे तक 1 लाख 57 हजार 832 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। स्नातक और परास्नातक कोर्स में करीब डेढ़ लाख सीटें हैं। अभी सीटों के आसपास ही रजिस्ट्रेशन हुए हैं। अंतिम तिथि में चार दिन बाकी हैं। पंजीकरण का आंकड़ा दो लाख से ऊपर जाने के कम ही आसार हैं। पिछले साल तीन लाख से अधिक पंजीकरण हुए थे।
प्रोफेशनल कोर्स के पंजीकरण 25 तक
ट्रेडिशनल कोर्स में बीए, बीएससी और बीकॉम में पंजीकरण की संख्या अच्छी खासी है। कॉलेजों में आठ से दस गुणा तक भी पंजीकरण हुए हैं। यह हालत एडेड और राजकीय कॉलेजों में ही है। सेल्फ फाइनेंस कॉलेज पंजीकरण के लिए तरस रहे हैं। प्रोफेशनल कोर्स की हालत सबसे ज्यादा खराब है। इसलिए विवि ने प्रोफेशनल कोर्स की पंजीकरण तिथि 17 से बढ़ाकर 25 जुलाई कर दी है। प्रवेश समन्वयक प्रो. वाई विमला ने बताया सिर्फ प्रोफेशनल कोर्स में पंजीकरण की तिथि बढ़ाई गई है।
20 को मेरिट, 24 से प्रवेश
विवि ने पहली मेरिट 20 जुलाई को जारी करने की घोषणा की है। 21 जुलाई को शिवरात्रि का अवकाश है। 22 जुलाई को बैंक की छुट्टी है। 23 जुलाई को रविवार है। इसलिए प्रवेश 24 से शुरू होंगे। विवि का कहना है पहली मेरिट के दाखिले के लिए तीन कार्य दिवस दिए जाएंगे।
रशियन और फ्रेंच का क्रेज कम
कई कोर्स में पंजीकरण काफी कम हैं। इनमें विदेशी भाषा भी शामिल हैं। विवि कैंपस में फ्रेंच और रशियन की पढ़ाई होती है। एडवांस डिप्लोमा इन फ्रेंच लैंग्वेज एंड लिटरेचर में अभी सिर्फ एक पंजीकरण हुआ है। फ्रेंच के डिप्लोमा कोर्स में भी एक पंजीकरण है। सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशियंसी फ्रेंच और सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशियंसी रशियन में 16-16 पंजीकरण हुए हैं। बीवॉक आई में छह और बीवॉक योगा में 34 पंजीकरण हैं।
प्रमुख बातें====
अभी 1 लाख 57 हजार 832 ने कराया पंजीकरण, 17 जुलाई तक होगा
मेरठ और सहारनपुर मंडल में इस बार पांच हजार से अधिक बढ़ीं सीटें