मेरठ जिले में कोरोना वैक्सीन का पूर्वाभ्यास 300 लोगों पर किया जाएगा। पहले 150 लोगों पर किया जाना था, अब इसमें बदलाव किया गया है। संख्या बढ़ाई गई है। इसके लिए 12 सेशन होंगे, यानी 12 जगह रिहर्सल किया जाएगा। जैसे मेडिकल कॉलेज में दो जगह, सुभारती में दो, जाकिर कॉलोनी और संतोष अस्पताल में एक-एक जगह। इसी तरह दौराला, जानी और माछरा स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो जगह पूर्वाभ्यास किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि पहले यह इन स्थानों पर एक-एक होना था मगर अब इसे बढ़ाकर 12 जगह कर दिया गया है। एक सेशन में 25 लोग होंगे, जो स्वास्थ्य कर्मी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी और पैरामेडिकल स्टाफ आदि होंगे। 5 जनवरी को पूर्वाभ्यास होगा। संबंधित लोगों को इसकी सूचना दे दी है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि वैक्सीन कब से लगाई जानी शुरू होगी। शासन के निर्देशों का इंतजार है।
वैक्सीन के लिए 28 जगह कोल्ड चेन
कोरोना वैक्सीन के रखरखाव के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। अब कोरोना वैक्सीन का इंतजार है। इसके लिए मेरठ में 28 जगह कोल्ड चेन बनाई गई है। जिन जगह कोल्ड चेन बनाई गई है, उनमें नंगलाबट्टू, जाहिदपुर, साबुन गोदाम, मलियाना, रजबन, कैंट, मवाना, सरधना, जिला अस्पताल के बराबर में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर, अपर स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय, मेडिकल कॉलेज आदि हैं। जिस कोल्ड चेन स्टोर में वैक्सीन रखी जाएगी उसमें आइसलाइनर रेफ्रिजेरेटर की व्यवस्था होगी।
29 नए मरीज मिले, 59 की छुट्टी
कोरोना के 29 नए मरीज मिले हैं, जबकि 59 लोगों की छुट्टी हुई है। कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार से भी कम हो गई है। नए मरीजों में हेल्थ केयर वर्कर, घरेलू महिलाएं, कारोबारी, स्टूडेंट्स और नौकरी पेशा आदि शामिल हैं। ये मरीज मवाना, शास्त्री नगर, लल्लापुरा, बलवंत एनक्लेव, बागपत रोड, कालियागढ़ी और जय भीम नगर के रहने वाले हैं।
जीनोम सीक्वेंसिंग की नहीं आई रिपोर्ट
कोरोना वायरस के नए रूप के मामले में अभी नौ और लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आनी बाकी है, जो रविवार को नहीं आई। सीएमओ ने बताया कि अभी 13 में से चार की रिपोर्ट आई है। बाकी लोगों में से कुछ और की रिपोर्ट आने की उम्मीद थी, मगर नहीं आई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/