बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में एनसीसी-सी सर्टिफिकेट की परीक्षा हुई। स्तोत्र शिशु मंदिर
बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में रविवार को एनसीसी-सी सर्टिफिकेट परीक्षा संपन्न हुई। एनसीसी के लगभग 300 कैडेट्स ने परीक्षा दी। एनसीसी ऑफिसर विजयपाल सांवरिया ने बताया कि 71 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नीरज चौधरी के नेतृत्व में 70 यूपी बटालियन, 72 यूपी बटालियन और 73 यूपी बटालियन के कैडेट्स परीक्षा में शामिल हुए।
यह परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित रही। इसमें लिखित एवं प्रैक्टिकल दोनों भाग शामिल रहे। कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि एनसीसी सेना में भर्ती का जरूरी माध्यम है जो कैडेट्स को देश सेवा का अवसर देता है। परीक्षा में ड्रिल, मैप रीडिंग, हथियार प्रशिक्षण, युद्ध कौशल, सामाजिक सेवा, दूरसंचार और सैन्य जानकारी से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
कर्नल विवेक ने बताया कि सी-सर्टिफिकेट उत्तीर्ण करने वाले कैडेट्स को भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों, पुलिस भर्ती, सरकारी नौकरियों और कॉलेज-विश्वविद्यालयों में प्रवेश के दौरान सहजता मिलती है। परीक्षा में लेफ्टिनेंट सिद्धि गुप्ता, लेफ्टिनेंट संजय यादव और लेफ्टिनेंट उमेश कुमार भी मौजूद रहे। आयोजन में सूबेदार मेजर भीम सिंह, सूबेदार सुधीर कुमार, नायब सूबेदार गंगा बहादुर थापा, हवलदार संदीप पूनिया, अजीत सिंह और सतीश कुमार का सहयोग रहा।