मेरठ। लिसाडी गेट क्षेत्र के एक गांव में सहेली की ससुराल में पहुंचकर हंगामा करने वाली युवती को खंभे से बांधकर यातनाएं देने के मामले में शनिवार को पुलिस ने हबीब, उसकी पत्नी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ युवती की तहरीर पर केस भी दर्ज कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार लिसाड़ी गेट क्षेत्र की दो युवतियां एक साथ घर से चली गई थीं। परिजनों को पता चला कि दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं। दोनों ने परिजनों को बताया कि उन्होंने शादी कर ली है। इसके बाद लिसाड़ीगेट क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की एक माह पहले शादी कर दी गई। सोमवार को युवती ने सहेली की ससुराल पहुंचकर उससे मिलने की जिद करते हुए जमकर हंगामा किया। सहेली के ससुरालियों ने आरोपी को पक ड़ लिया। पहले तो पहनावा देख कर समझा कि युवक है। लेकिन बाद में पता चला कि यह युवती है। जिसके बाद सहेली के मायके पक्ष के लोगों को भी बुलाया गया।
जिसके बाद सहेली के मायके पक्ष के लोगों ने 20 वर्षीय युवती को पहले कमरे में पीटा। उसके बाद मकान के बाहर लाकर बिजली के खंभे से बांधकर पीटा। वीडियो में जहां महिला युवती को थप्पड़ मार रही है, वहीं महिला का पति डंडा लिए दिख रहा है। जबकि दंपती के बेटे ने भी मारपीट की थी। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।