मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में रेग्युलर और प्राइवेट परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि रविवार को खत्म हो गई। रेग्युलर और प्राइवेट में 3.89 लाख फार्म भरे गए हैं। यूजी-पीजी प्राइवेट प्रथम वर्ष में कल से कॉलेजों का आवंटन हो सकता है। आवंटन होने के बाद छात्र-छात्राओं के मोबाइल पर मेसेज आएगा। इसके साथ ही विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्र-छात्राओं के फार्म भरने में परेशानी आ रही थी एवं उन्होंने ईमेल पर समस्या भेज दी है, वे परेशान न हों। उन सबके परीक्षा फार्म भरे जाएंगे।
बीए-बीकॉम एवं एमए-एमकॉम प्राइवेट प्रथम वर्ष में अभी तक छात्र-छात्राएं तीन कॉलेजों का विकल्प भर रहे थे। विवि कल से उनको कॉलेजों का अलॉटमेंट कर सकता है। जो कॉलेज छात्रों को आवंटित होगा, वहां जाकर उनको फार्म का प्रिंट आउट और दूसरे कागजात जमा करने होंगे। चार फरवरी तक कॉलेजों में फॉर्म का प्रिंट आउट जमा होगा। यह तिथि प्रथम वर्ष प्राइवेट वाले छात्रों के लिए बढ़ाई जा सकती है। कॉलेजों द्वारा कैंपस में फार्म जमा करने की अंतिम तिथि पांच फरवरी है। बता दें कि रेग्युलर में बीए, बीएससी, बीकॉम एवं प्राइवेट में बीए-बीकॉम एवं एमए-एमकॉम के परीक्षा फार्म ऑनलाइन वेबसाइट पर चार जनवरी से भरे जा रहे थे। पहले फार्म भरने की अंतिम तिथि 27 जनवरी थी। इसे बढ़ाकर 31 जनवरी कर दिया गया था। बाद में यह तिथि दो फरवरी कर दी गई थी।