मवाना। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदेय स्थलों पर शनिवार को विशेष कैंप आयोजित किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उप जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए, नए और युवा मतदाताओं के नाम सम्मिलित करने के उद्देश्य से ये कैंप लगाए जा रहे हैं। विशेष अभियान के दौरान सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित मिले। जिन्होंने नागरिकों के वोट की जांच और नए पंजीकरण की प्रक्रिया की।
विशेष शिविरों के दौरान क्षेत्र के 397 बूथों पर कुल 298 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए मतदाता पंजीकरण हेतु फॉर्म 6 के 215, नाम विलोपन हेतु फॉर्म 7 के 45 और संशोधन हेतु फॉर्म 8 के 38 आवेदन पत्र शामिल रहे। अभियान के दौरान एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने स्वयं विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।