एक और दो जून को प्रयागराज में होगी 29वीं यूपी स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप
पुरुष वर्ग में 17 और महिला वर्ग में 12 एथलीट प्रतिभाग करेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता बी का आयोजन 1 और 2 जून को प्रयागराज में होगा। प्रतियोगिता को लेकर जिला एथलेटिक संघ की ओर से मेरठ की टीम के लिए खिलाड़ियों से पंजीकरण कराए गए थे। पंजीकरण के आधार पर मेरठ की टीम में 29 एथलीट को शामिल किया गया है। यह एथलीट प्रयागराज में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि पुरुष वर्ग में 17 और महिला वर्ग में 12 एथलीट प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता के लिए एथलीट का चयन कर लिया गया है। इसमें पुरुष वर्ग में भाला फेंक में आदर्श, 3000 मीटर स्टीपल चेज में आदित्य, 400 मीटर दौड़ में और 200 मीटर में अमन, डिस्कस थ्रो में हिमांशु चौहान, 400 मीटर दौड़ में खालिद, 400 मीटर बाधा दौड़ में नाजिम, 5000 मीटर में निशांत, 400 मीटर में नितिन कुमार, जेवलिन थ्रो में प्रवेश कुमार, 800 मीटर दौड़ में प्रियांशु, 1500 मीटर दौड़ में प्रियांशु, संदीप, भाला फेंक में सनी, 100 मीटर दौड़ में वंश धामा का चयन किया गया है।
महिला वर्ग में 400 मीटर बाधा दौड़ में दीपा, 200 व 400 मीटर दौड़ में डौली, हाई जंप में ख्याति माथुर, मानसी तोमर, लंबी कूद में निधि, शॉटपुट में प्रिया, हाई जंप में रीत राठौर, 400 मीटर दौड़ में रूपा, 800 मीटर दौड़ में वर्षा, 1500 मीटर में वर्षा और शॉटपुट में विधा का चयन किया गया है।
अच्छे प्रदर्शन पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में होगा चयन
इसी प्रतियोगिता के आधार पर 24 से 28 जून तक भुवनेश्वर में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर इंटर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का चयन होगा। इंटर स्टेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले एथलीट एशियन गेम्स में प्रतिभाग करने होंगे, जो खिलाड़ी एशियन गेम्स के क्वालिफाइंग मार्क को पार करेंगे वह आगे जाएंगे।