जून में शुरू हो सकते हैं कोर्स, विश्वविद्यालय ने विभिन्न कोर्स के लिए विवि ने वेबसाइट पर निकाली शिक्षकों की वेकेंसी
वर्तमान में बीपीईएस कोर्स हो रहा है संचालित
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) कोर्स के साथ-साथ 2026-27 सत्र के लिए कई नए कोर्स शुरू होने हैं। इसे लेकर खेल विवि की ओर से वेबसाइट पर संबंधित कोर्स के लिए गेस्ट लेक्चरर की वैकेंसी निकाली गई हैं। इसमें एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी, एमएससी इन योगा समेत कई कोर्स के लिए आवेदन मांगे गए हैं। यह कोर्स जून माह से शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में पहले सत्र की शुरुआत वर्ष 2025 में राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन 29 अगस्त को शुरू हुई। पहले सत्र में बीपीईएस कोर्स की शुरुआत हुई। पहले सत्र के लिए कोर्स में 50 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सलावा में विवि का निर्माण कार्य चलने के कारण कोर्स की कक्षाएं मोदीपुरम स्थित कृषि विश्वविद्यालय में शुरू की गई। 2025-26 सत्र की कक्षाएं कृषि विवि में चलीं। 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचकर खेल विवि का निरीक्षण किया था और 31 मई तक विवि का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। अब खेल विवि ने 2026-27 सत्र के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
कई नए कोर्स शुरू करने की योजना, लेक्चरर के लिए आवेदन मांगे
खेल विवि की ओर से 2026-27 सत्र में बीपीईएस कोर्स के साथ-साथ कई नए कोर्स शुरू करने की योजना है। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। हालांकि अभी तक विवि प्रशासन की ओर से कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, लेकिन संबंधित कोर्स के लिए गेस्ट लेक्चरर के पद भरने के लिए विवि की वेबसाइट पर इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी, किन्सियोलॉजी एंड बायोमैकेनिक्स, खेल मनोविज्ञान, योगा समेत कई विषयों के लिए गेस्ट लेक्चरर के आवेदन मांगे गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार विवि में इस सत्र में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, बीएससी इन योगा साइंस, एमएससी इन योगा साइंस, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, फिजिकल एजुकेशन समेत कई कोर्स शुरू हो जाएंगे।
इन कोर्स के लिए मांगे गए गेस्ट लेक्चरर के आवेदन
विषय पद
एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी 01
किन्सियोलॉजी एंड बायोमैकेनिक्स 01
खेल मनोविज्ञान 01
स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग 01
स्पोर्ट्स मैनेजमेंट 01
योगा 03
आईसीटी 01
स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन 02
इंग्लिश 01
फिजिकल एजुकेशन 01