ढाई साल के बच्चे समेत 28 लोगों ने कोरोना को हराया
मेरठ। मुलायम सिंह यादव मेडिकल कॉलेज खरखौदा में भर्ती 28 मरीजों ने कोरोना को हरा दिया है। इनकी बुधवार को अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। इनमें 15 महिलाएं, 2 बच्ची, 10 पुरुष और ढाई साल का बच्चा शामिल है। इनमें से अधिकांश का कहना था कि अब वे अपने घर पर रहकर ईद का त्योहार मना सकेंगे।
अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि मरीजों ने छुट्टी होने के बाद डॉक्टरों की मेहनत, लगन और हिम्मत की दाद दी। दूसरी तरफ नई गाइडलाइंस का मरीजों को लाभ मिल रहा है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि नई गाइडलाइंस के तहत अब मेरठ में पहले सैंपल कराने के दिन से लेकर 12वें दिन टेस्ट कराया जाएगा, रिपोर्ट नेगेटिव आने पर अस्पताल से छुट्टी कर दी जाएगी। मंगलवार को नई गाइडलाइन से 28 लोगों की छुट्टी की गई। यह छुट्टी होने की एक दिन में अब तक की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 32 लोगों की एक दिन में छुट्टी की गई थी। पहले 14वें दिन दो टेस्ट कराए जाते थे। 24 घंटे के भीतर दो रिपोर्ट नेगेटिव आने पर छुट्टी की जाती थी, अब सिर्फ एक सैंपल टेस्ट कराया जाता है, रिपोर्ट नेगेटिव आने पर छुट्टी कर दी जाती है। इसके अलावा अगर किसी के परिवार में कोरोना संक्रमित मरीज मिलता है तो सेंटर पर क्वारंटीन करने के बजाय उसे घर पर क्वारंटीन किया जा सकता है। बस उसके घर पर जरूरी सुविधाएं अलग हों। यह भी देखा जाएगा कि उस घर में कोई बुजुर्ग और बच्चा न हो। कोई पहले से बीमार न हो। अगर है तो उनकी रहने की व्यवस्था अलग की गई हो।