मेरठ के लावड़ थाना क्षेत्र के देदवा गांव में चार साल पहले अवैध संबंधों के चलते भाभी के साथ मिलकर भाई की हत्या करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
छह फरवरी 2017 को देदवा गांव निवासी सुधीर कुमार पुत्र जय सिंह ने थाना इंचौली में मुकदमा दर्ज कराया था कि उसके भाई विकास उर्फ अंकित की अज्ञात व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में जांच की तो मृतक की पत्नी रूपा का नाम सामने आया। रूपा ने पुलिस को बताया कि उसके देवर भूपेंद्र से अवैध संबंध थे। दोनों ने विकास को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या का षड़यंत्र रचा और नशे की गोलियां खिलाकर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद दोनों ने उसका गला काटकर हत्या कर शव घर के बाहर ही फेंक दिया था।
पुलिस पहले ही मृतक की पत्नी को हत्या के आरोप में जेल भेज चुकी है। लेकिन, भूपेंद्र पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भूपेंद्र रजवाहे की पटरी के पास एक ट्यूबवैल पर बैठा है। इस पर इंचौली थाना प्रभारी विकास चौहान ने लावड़ चौकी प्रभारी प्रवीन चौधरी के साथ मिलकर दबिश दी और आरोपी भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भूपेंद्र पर 25 हजार का इनाम घोषित था। इंचौली थाना प्रभारी अंकित चौहान ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।