सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर में ज्वैलरी शॉप में लूट और सराफ के बैंक अधिकारी बेटे को गोली मारने वाले दूसरे बदमाश से पुलिस की शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। तलाशी में बदमाश के पास एक तमंचा और एक चोरी की स्कूटी मिली है।
नौचंदी थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-5 निवासी देवेंद्र वर्मा की ज्वैलरी शॉप पर रविवार को चार बदमाशों ने लूट के विरोध में सराफ के बेटे अमित वर्मा को गोली मार दी थी। पुलिस ने सोमवार रात शाहवेज उर्फ मूसा को भी मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। इसके बाद एसएसपी ने फरार नदीम उर्फ बबलू व परवेज निवासी हिमायुंनगर पर 25-25 हजार का इनाम किया था। नदीम ने अमित वर्मा पर गोली चलाई थी।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम फरार दोनों शातिर बदमाशों की तलाश में लगी थी। शुक्रवार देर रात नौचंदी इंस्पेक्टर नीरज कुमार पुलिस टीम के संग आरटीओ पुलिया शास्त्रीनगर में चेकिंग कर रहे थे। नदीम स्कूटी लेकर वहां से गुजर रहा था। पुलिस ने उसको रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक नदीम ने स्कूटी छोड़ी और गोली चलाता भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की और जवाबी फायरिंग में नदीम के पैर में गोली लगी। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह और सीओ सिविल लाइन पंकज सिंह पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को मेडिकल में भर्ती कराया है।