नंगली अब्दुल्ला माछरा मे मरी बकरियो को जेसीबी से गढडा खोदकर दबाते पीडित व ग्राम प्रधान।
माछरा (मेरठ)। क्षेत्र के गांव नंगली अब्दुल्ला माछरा में बाड़े में घुसे लावारिस कुत्तों ने 25 बकरियां मार दी। इन बकरियों कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। बाड़े में करीब 70 बकरियां थी।
नंगली अब्दुल्ला माछरा निवासी सतीश खटीक ने बताया कि रहदरा मार्ग पर वह बकरी पालन करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। सतीश ने बताया कि वह सतवीर सैनी की साझेदारी में बकरी पालने का काम करते हैं। रविवार शाम वह बकरियों को बाड़े में बंद करके गया था, परंतु किसी तरह से बाड़े में लावारिस कुत्ते घुस आए। यह कुत्ते खुंखार हो रहे हैं। रास्ते में निकलने वाले पर भी मौका पाकर टूट पड़ते हैं। रात के समय इन कुत्तों ने बकरियों पर हमलाकर दिया। कुछ बकरी कुत्तों ने घायल कर दी और कुछ दहशत में मर गई। कुत्तों में हमले में 25 बकरी मर गई हैं। सोमवार की सुबह बाड़े में पहुंचे तो बकरियों के मरने का पता चला।
बकरियों के मरने की सूचना पर मौके पर काफी ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने बताया कि परिवार को पालने का उनके पास यह एक ही साधन था। बताया गया कि बकरियों के मरने से उन्हें करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर मरी बकरियों को दबाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि जिला प्रशासन को घूम रहे खूंखार कुत्तों को पकड़वाना चाहिए। आए दिन यह आने-जाने वाले लोगों को भी काटते रहते हैं।