इंस्पेक्टर ने भाजपा नेता की कुर्सी में लात मारी, बखेड़ा
मेरठ। टीपीनगर थाने में भाजपा नेता की कुर्सी में लात मारने को लेकर मंगलवार को बखेड़ा हो गया। भाजपाइयों ने एसपी सिटी ऑफिस पर हंगामा करते इंस्पेक्टर को तुरंत हटाने की मांग की। एसपी सिटी ने आचार संहिता के बाद हटवाने का आश्वासन देकर मामले को शांत किया।
भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री संचित गुप्ता सोमवार को टीपीनगर थाने में गए थे। बताया गया है कि कार्यकर्ता की बाइक चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ ली थी। उसे छुड़वाने के लिए संचित व निशांक गर्ग कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे थे। इससे पहले भाजपाई बातचीत शुरू करते कि आरोप है कि इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद गौतम ने उनको डांटना शुरू कर दिया। आरोप कि इसी दौरान थानेदार ने संचित गुप्ता की कुर्सी में लात मार दी।
जिस पर भाजपाइयों की इंस्पेक्टर से कहासुनी हो गई। मंगलवार को भाजयुमो अध्यक्ष वीनस शर्मा के नेतृत्व में भाजपाइयों ने एसपी सिटी ऑफिस पर हंगामा किया। आरोप लगाया कि तीन दिन पहले एक युवक से टीपीनगर पुलिस ने 15 हजार रुपये की रिश्वत ली थी। शिकायत होने पर भाजपा नेता संचित गुप्ता और उसके साथियों ने थाने पर जाकर पुलिस से शिकायत की थी। पोल खुलने पर पुलिस ने पैसा लौटाया था। इसको लेकर थानेदार ने भड़ास निकाली है।
थानेदार की बहुत शिकायत हैं
एसपी सिटी ने बताया कि थानेदार की काफी शिकायत मिल रही हैं। आचार संहिता हटने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। हंगामा करने वालों में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकित चौधरी, प्रदेश मंत्री आयुष पंवार, अखिल गोयल, पवन भारद्वाज, शंभू पहलवान, विक्रम शर्मा, रमन, अमित गोयल, सौरभ आदि मौजूद रहे।