गांव नंगला गोसाई निवासी रविंद्र से बाइक से लौटते समय परीक्षितगढ़ मवाना थाने के बॉर्डर पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर सवा लाख रुपये लूट ले गए। सूचना पर मवाना व परीक्षितगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक दोनों थानों की पुलिस बदमाशों की तलाश में कांबिग कर रही थी।
गांव नंगला गोसाई निवासी रविंद्र पुत्र बेनी प्रसाद ने गांव अगवानपुर में मिनी बैंक खोल रखा है। बताया गया है कि देर शाम वह बाइक से बैग में सवा लाख रुपये लेकर अपने गांव के लिए चला था। जैसे ही वह रास्ते में पहुंचा तो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचे दिखाते हुए गोली मारने की धमकी देते हुए रोक लिया।
जिसके बाद बदमाश रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। किसी प्रकार पीड़ित ने फोन से डायल 100 को सूचना दी। सूचना पर मवाना थाना पुलिस तथा परीक्षितगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना परीक्षितगढ़ क्षेत्र की निकली। दोनों थानों की पुलिस समाचार लिखे जाने तक बदमाशों की तलाश में कांबिग कर रही थी। पीड़ित ने तहरीर नहीं दी थी। वहीं मवाना थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि घटना परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र की है। वहीं परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी शिवदत्त सिंह ने इस संबंध में फिलहाल कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।