एक्सप्रेस वे पर मोहिउद्दीनपुर पर बनेंगे इंटरचेंज
एनएचएआई के चीफ जनरल मैनेजर बीएस पिंगला ने किया मौके का निरीक्षण
मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर मेरठ की तरफ से काम तेज हो गया है। मंगलवार को एनएचएआई के चीफ जनरल मैनेजर बीएस पिंगला ने टीम के साथ मौके पर गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोहिउद्दीनपुर और परतापुर के बीच का निरीक्षण करते हुए एक्सप्रेस वे पर इंटरचेंज बनाने का निर्देश दिया।
मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे पर डासना से मेरठ के बीच का काम तेजी से चल रहा है। इन दिनों मेरठ की तरफ से मार्ग पर मिट्टी डालने का काम चल रहा है। एनएचएआई के चीफ जनरल मैनेजर बीएस पिंगला, एनएचएआई के परियोजना निदेशक किशोर कान्याल और तकनीकी मैनेजर अरविंद कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। बीएस पिंगला ने मोहीउद्दीनपुर और परतापुर के बीच बारीकी से पूरे मार्ग को देखा। इस दौरान तय हुआ कि इंटरचेंज बनाये जाएं। इसमें मेरठ से डासना, मेरठ से एनएच- 58, डासना से एनएच 58, डासना से मेरठ सिटी, डासना से परतापुर बाईपास, एनएच 58 से मेरठ सिटी और एनएच 58 से दिल्ली की तरफ इंटरचेंज बनेंगे।
इसके साथ ही एनएचएआई अधिकारियों की मंशा है कि अब मेरठ सिटी से आने वाले वाहनों को इंटरजेंच के माध्यम से परतापुर बाईपास की तरफ उतारा जाए। ताकि कहीं पर भी जाम की स्थिति न बने और एक स्पीड के साथ वाहनों का संचालन बना रहे। इस पूरे प्लान को अधिकारियों ने मौके पर नक्शे पर उतारते हुए गहन मंत्रणा की।
साइट पर भी देखा काम
चीफ जनरल मैनेजर बीएस पिंगला ने पूरी टीम के साथ साइट पर भी जाकर काम देखा। सड़क चौड़ीकरण के काम की तेजी को देखते हुए उन्होंने संतुष्टि व्यक्त करते हुए गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिये।
काम बंद नहीं होगा
मौके पर बीएस पिंगला को अधिकारियों ने बताया कि मेरठ की तरफ से काम पूरी तेजी से हो रहा है। रविवार और शनिवार को भी काम चालू रहा। अधिकारियों ने कहा कि अब काम बंद नहीं होगा और समय सीमा से पहले ही इस काम को पूरा करने का प्रयास उनकी तरफ से किया जा रहा है।