मेरठ। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा प्रभारी मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच के सवाल पर किनारा करते नजर आए। उन्होंने कहा कि सिर्फ बयानबाजी से बेंच नहीं मिल सकती है। इसके लिए तकनीकी प्रक्रिया है, जिसके तहत हाईकोर्ट सुप्रीम कोर्ट को लिखकर देगा। तब जाकर यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसलिए इस पर राजनीति करने से कुछ नहीं होगा।
नरेंद्र मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर शुक्रवार को सिद्धार्थ नाथ सिंह कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन में मीडिया से मुखातिब थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते कहा कि चार साल की यही सबसे बड़ी उपलब्धि है कि न्यूज में किसी भी घोटाले की हेडलाइन नहीं बनी है। मोदी सरकार में जितना विकास हुआ, इतना कभी नहीं हुआ। यही कारण है कि आगामी लोकसभा चुनाव में जहां भाजपा विकास का नारा लेकर आ रही है, तो विपक्ष एकजुट होकर मोदी हटाओ का नारा लेकर आ रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पहले गरीबी हटाओ के नारे लगाए जाते थे। सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं चला रखी है। वर्ष 2022 तक सभी को छत उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। आजादी के बाद पहली बार 19 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई गई है। अब बिजली भी कोई बड़ा मुद्दा नहीं रह गया है। किसानों का हित सबसे पहले रखा गया है। मुद्रा लोन और कई अन्य प्रकार की योजनाओं से आम लोगों को फायदा पहुंचाया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कैराना में विपक्ष कामयाब नहीं होगा
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष का नारा है कि ‘मोदी हटाओ हमें बचाओ’, जबकि भाजपा का नारा है साफ नीयत और सही विकास। इसी मुद्दे पर सरकार काम भी कर रही है। कैराना चुनाव पर कहा कि विपक्ष इस चुनाव को सांप्रदायिक बना रहे हैं। देवबंद से फतवा जारी हो रहा है। लेकिन कैराना चुनाव में विपक्ष कामयाब नहीं होगा।
सिर्फ कार्यकाल पर बात करेंगे
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर मेरठ में मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उन्हें दी गयी है, इसलिए वह सिर्फ केंद्र सरकार के कार्यकाल पर बात करेंगे। उन्होंने मेरठ से संबंधित सवालों पर अगले सप्ताह आने की बात कहकर टाल दिया। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इस दौरान प्रदेश व केंद्र सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संचालित योजनाओं पर विस्तार से जानकारी की। डीजल पेट्रोल के बढ़े दामों पर उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय बाजार के कारण है।
वार्ता के दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, सत्यवीर त्यागी, एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला, देवेंद्र गुर्जर, आलोक सिसौदिया, हर्ष गोयल आदि मौजूद रहे।