एमडीए की टीम ने नौ बारात घरों पर लगाई सील
मेरठ। विवाह मंडपों के खिलाफ मेरठ विकास प्राधिकरण ने जोर शोर से अभियान चला रखा है। मंगलवार को दिल्ली रोड सहित कई स्थानों पर टीम ने नौ विवाह मंडपों पर सील लगाई। टीम ने अन्य दो निर्माण भी सील किए। एक दो स्थानों पर टीम का विरोध भी हुआ, लेकिन फोर्स होने के कारण लोग शांत हो गए।
दरअसल शहर में काफी विवाह मंडप बिना मानचित्र के ही बनाए गए हैं। समारोहों के दौरान इनके सामने भारी जाम लगता है। साथ ही पार्किंग सड़क पर होने के कारण व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो जाती है। पिछले दिनों आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने इस बाबत निर्देश जारी किए। कहा कि बारात घर स्वामियाें से यह अंडरटेकिंग ली जाए कि वे सड़क पर चढ़त न होने दें। सभी रस्में मंडप में ही कराएं। साथ ही पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करें। इसके बाद भी आदेश पर अमल नहीं हुआ। मंगलवार को जोन ए में प्रभारी करनवीर सिंह ने नोडल अधिकारी नीरज शर्मा, जेई निहाल सिंह, राजेश त्यागी, महादेव शरण आदि ने ब्रह्मपुरी थाने की फोर्स के साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की। नूरनगर चौराहा स्थित वीएस पैलेस, जैनिस पैलेस शिवशक्ति नगर प्रेम ग्रीन दिल्ली रोड पर सील लगाई। टीम ने इसी जोन में साईंपुरम में करन सिंह, खत्ता रोड स्थित मोहम्मद शाहिद खान द्वारा कराए जा रहे निर्माण को सील कर दिया। दूसरी तरफ जोन बी में भी टीम ने छह बारात घर सील किए। एनएच 58 बाईपास स्थित पापुलर गार्डन हाउस, कृष्णा प्रधान फार्म हाउस, भूड़बराल परतापुर स्थित ऋषि फार्म हाउस, पांचली रोड स्थित जेएम फार्म हाउस, पांचली खुर्द स्थित जितेंद्र कुमार मित्तल का फार्म हाउस तथा दिल्ली रोड स्थित योगी फार्म हाउस पर सील लगाई गई। इसी रोड पर एमके फार्म हाउस में टीम सील लगाने पहुंची पर यहां विवाह समारोह था। ऐसे में चेतावनी दी गई कि यदि बुधवार तक मानचित्र के लिए आवेदन नहीं किया तो सील लगा दी जाएगी। इस टीम में धीरज सिंह, सतेंद्र यादव, नरेश कुमार शर्मा, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
बारात घर स्वामियों ने वीसी को सौंपा ज्ञापन
दोनों खबरों के फोटो मेरठ फोल्डर में एमडीए एक, दो, तीन, चार, पांच नाम से सेव हैं.........
मेरठ। विवाह मंडपों पर सील की सूचना पर मेरठ मंडप एसोसिएशन पदाधिकारी पहले सचिव राजकुमार और बाद में वीसी एमडीए से मिले। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि विवाह मंडप स्वामी मानचित्र स्वीकृत कराने को तैयार हैं पर उन्हें समय दिया जाए। मंडप स्वामी शुल्क के रूप में दो और पांच लाख रुपये के चेक के साथ दो दिन में अपने मानचित्र आवेदन जमा करा देंगे। इस बाबत सर्वे हो। जिस पर जो भी शुल्क बनेगा वह उसे अदा करेगा। वीसी साहब सिंह ने कहा कि ग्रीन बेल्ट और रोड बाइंडिंग में हूुए निर्माण को तो हर सूरत में तोड़ा ही जाएगा। इसके अलावा नियम में जो समायोजित हो सकता है उसका ही समायोजन होगा। विवाह मंडप स्वामी चेक तथा आवेदन दे दें। एसोसिएशन अधिकारियों ने तय किया कि बुधवार को एक होटल में बैठक कर सभी मंडप स्वामी चेक और आवेदन इकट्ठा करेंगे। इस मौके पर एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज गुप्ता, विपुल सिंघल, देवेंद्र अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, सुबोध गुप्ता, संजीव शारदा, सुनील जैन आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
अनधिकृत रूप से हो रहे निर्माणों के खिलाफ चला अभियान
कई स्थानों पर विरोध की कोशिश, फोर्स के सामने नहीं चली