पटरी से उतरी ट्रैफिक व्यवस्था, हर ओर जाम
मेरठ। शहर की खराब ट्रैफिक व्यवस्था के कारण लोगों को हर रोज जाम से जूझना पड़ रहा है। जाम के आगे पुलिस का पूरा सिस्टम ही बेबस नजर आया। कई स्थानों पर चौराहे पार करने में ही पुलिस के पसीने छूट गए।
सोमवार सुबह दस बजे ही कमिश्नरी आवास चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। जिसके बाद मवाना रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ती गई और जाम लगता गया। गंगानगर थाने के पास भी जाम लगा रहा। लालकुर्ती पैठ बाजार से जीरो माइल तक भी वाहन जाम में फंसे रहे। बेगमपुल चौराहा, दिल्ली रोड पर भैसाली बस अड्डा, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा और मंडी गेट के सामने भी जाम लगा रहा। दोपहर को रेलवे रोड चौराहे से घंटाघर पर भी जाम की बुरी स्थिति रही। छतरी वाला पीर, बच्चा पार्क, इंदिरा तिराहा और हापुड़ अड्डा चौराहे से भूमिया पुल तक भी लोगों को आधा घंटे तक जाम से जूझना पड़ा।
कचहरी पुल पर भी छूटे पसीने
कचहरी पुल पर भी सुबह दस बजे और फिर दोपहर एक बजे भी जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी होने के चलते भी वाहन सड़क पर आड़े तिरछे जाम में फंसे रहे। मेघदूत पुलिया के पास ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी नहीं थी जिसके चलते वहां भी चौराहे पर स्कूल बस और अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे।
अवैध ई रिक्शा और ऑटो मुसीबत
शहर की अधिकांश सड़कों पर अवैध ई-रिक्शा और ऑटो अवैध तरीके से सड़क पर खड़े होते हैं। इस कारण वहां जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक पुलिस का अवैध वाहनों के खिलाफ अभियान भी चार दिन से बंद है।
नहीं रुक पाल रहे जुगाड़
अवैध जुगाड़ जिस तरह से सड़क पर दौड़ रहे हैं उससे तो लगता है कि ट्रैफिक पुलिस को किसी हादसे का इंतजार है। इन जुगाड़ में इंजन किसी अन्य वाहन का है। जुगाड़ में जिस तरह से बोरे और अन्य सामान लादकर ले जाया जा रहा है उससे कभी भी हादसा हो सकता है।
खास बात
हर रोज लोगों को सड़कों पर जाम लगे से पड़ रहा जूझना