भाजपा ही करेगी नवभारत निर्माण: अतुल गर्ग
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
पं. दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के तहत रविवार को चैंबर आफ कॉमर्स भवन में भाजपा द्वारा संकल्प से सिद्धि और नए भारत का संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कार्यकर्ताओं को मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने नव भारत निर्माण की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि भाजपा ही नव भारत का निर्माण करेगी। यह नवभारत अपनी पुरातन संस्कृति की सोच को परिलक्षित करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नव भारत निर्माण के लिए हमें अभी से जुटना है, उसके लिए 2019 में फिर से पहले से ज्यादा बहुमत के साथ केंद्र में भाजपा की सरकार लानी है।
इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को नवभारत निर्माण के तहत स्वच्छ, गरीबी मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, आतंकवाद मुक्त, संप्रदायवाद मुक्त और जातिवाद मुक्त भारत निर्माण की शपथ दिलाई। इस दौरान मेरठ लोकसभा के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भी विचार रखे। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग और संचालन कार्यक्रम संयोजक अजय गुप्ता ने किया। विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर, अरुण वशिष्ठ, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह, जयकरण गुप्ता, प्रवीण अग्रवाल, नीरज त्यागी, प्रवीण अग्रवाल, गिरीश मोहन गुप्ता आदि मौजूद रहे।
खास बात
चैंबर आफ कॉमर्स भवन में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री ने दिलाई कार्यकर्ताओं को शपथ