भाकियू में शामिल हुए क्षेत्रीय किसान संगठन
मोदीनगर। क्षेत्र में भाकियू की विचारधारा व नाम से मिलते जुलते दो अन्य किसान संगठनों का रविवार को भाकियू में विलय कर दिया गया। भाकियू के कैंप कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सभी नए सदस्यों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।
मोदीनगर क्षेत्र में भाकियू के अलावा भाकियू भानु व भाकियू लोकशक्ति जैसे किसान संगठन किसानों के हित के लिए आवाज उठाते रहे हैं। रविवार को भाकियू के कैंप कार्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों संगठनों के क्षेत्रीय नेताओं ने भाकियू में विलय की घोषणा की। भाकियू में मंडल अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने सभी सदस्यों को पगड़ी पहनाकर विधिवत तरीके से स्वागत किया। इस अवसर मांगेराम त्यागी ने बताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और किसानों के हित के लिए और भी मुखरता से संघर्ष कर सकेंगे। भाकियू जनशक्ति के मंडलाध्यक्ष सतेंद्र त्यागी व भाकियू भानु के विष्णुदत्त त्यागी, एसके त्यागी व बिजेंद्र त्यागी के भाकियू के पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर भाकियू के जिलाप्रभारी जयकुमार मलिक, वेदपाल मुखिया, कुलदीप त्यागी, पप्पी नेहरा ने भी नए साथियों को माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सुशील त्यागी, नरेश त्यागी, मनोज त्यागी व अन्य मौजूद रहे।