मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम हुआ स्थगित
मेरठ। मंडल के उद्यमियों के साथ 26 फरवरी को होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नहीं आएंगे। उनके आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। अब उनकी जगह प्रदेश के एमएसएमई मंत्री सत्यदेव पचौरी इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
लखनऊ में पिछले साल आयोजित इंवेस्टर समिट में मेरठ मंडल के भी उद्यमियों के कई प्रस्ताव स्वीकृत हुए थे। इस दौरान उद्यमियों ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रस्ताव भी सरकार को सौंपे थे। अब मुख्यमंत्री के स्वयं मंडल स्तर पर उद्यमियों के बीच जाकर उन्हीं मसौदों पर स्थानीय स्तर पर वार्ता करने वाले थे। इसी के तहत मुख्यमंत्री का 26 फरवरी को आने का कार्यक्रम तय हुआ था, लेकिन किन्हीं कारणाें से उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया। अब उनकी जगह सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग के मंत्री सत्यदेव पचौरी मंडल के उद्यमियों के सम्मेलन में मौजूद रहेंगे।
फिर धरी रह गई तैयारी
मुख्यमंत्री को एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत आयोजित इस मंडल स्तरीय इंवेस्टर्स समिट में आना था। इससे पहले भी दो बार मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम तय हुआ, लेकिन निरस्त हो गया। अब तीसरी बार सीएम के आने का कार्यक्रम निरस्त हुआ है। जबकि सीएम के आगमन को लेकर उद्योग विभाग तैयारी में जुटा हुआ था।