आवासीय क्षेत्रों में हथौड़ा गैंग ने चलाया हथौड़ा
- सदर बाजार, मैदा मोहल्ला में पहुंची टीम
- अवैध रुप से बनाई जा रहीं दीवारों को किया ध्वस्त
मेरठ। हथौड़ा गैंग ने कैंट क्षेत्र में अवैध निर्माण पर हथौड़ा चलाना शुरू कर दिया है। पिछले पांच दिनों से कैंट बोर्ड ने क्षेत्र में अवैध निर्माण पर नजरें टेढ़ी कर दी हैं। लालकुर्ती, तोपखाना आदि क्षेत्रों में अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जा चुका है। शनिवार को भी सदर बाजार, मैदा मोहल्ला और करई गंज इलाकों में टीम ने कार्रवाई की।
सीईई अनुज सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान में कैंट बोर्ड के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। सदर बाजार में संचित गुप्ता के मकान में चल रहे अवैध निर्माण को मौके पर ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, मैदा मोहल्ला के 227 मकान नंबर में रहने वाले रोहित श्रीवास्तव के मकान पर भी हथौड़ा गैंग ने धावा बोेल दिया। इसके बाद टीम करई गंज स्थित मकान नंबर 140 में रहने वाले आमिर के पास पहुंची। यहां भी टीम ने अवैध रुप से बनाई जा रही दीवार को ध्वस्त कर दिया। सीईई अनुज सिंह ने बताया कि सीईओ प्रसाद चव्हाण के निर्देश पर लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए अवैध निर्माण पर सैनेट्री इंस्पेेक्टर और अधीक्षक को रिपोर्ट देने के लिए कहा है। रविवार को भी कैंट के क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा।