हथौड़ा गैंग ने मुक्त कराई तीन हजार वर्ग फीट जमीन
-मछेरान, मेहताब और भूसा मंडी में चला अभियान
मेरठ।
कैंट बोर्ड का हथौड़ा गैंग एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार को कैंट बोर्ड टीम ने सीईई अनुज सिंह के नेतृत्व में मेहताब, मछेरान और भूसा मंडी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर हथौड़ा चलाया। इस दौरान तीन हजार वर्ग फीट जमीन कब्जामुक्त कराई गई। टीम के साथ सदर थाना इंस्पेक्टर सुभाष अत्री फोर्स के साथ रहे।
पुलिस फोर्स को साथ कैंट बोर्ड की टीम इलाकों में पहुंची तो हड़कंप मच गया। मौके से अवैध निर्माण कर रहे लोगों के फावड़े सहित अन्य सामान जब्त किया गया। वहीं अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सीईओ ने टीम गठित कर दी है। कैंट क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने पर सेनेटरी इंस्पेक्टर और सुपरवाइजर से जवाब-तलब किया जाएगा।
रोज बनेगी रिपोर्ट
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि अवैध निर्माण पर रोज रिपोर्ट बनाकर उन्हें सौंपे। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को लालकुर्ती क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। सीईई अनुज सिंह का कहना है कि कैंट क्षेत्र में अवैध निर्माण करने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।