मेरठ। शुक्रवार या शनिवार को संभावित ईद के मौके पर दिल्ली रोड पर सुबह पांच बजे से सुबह 10 बजे तक रूट डायवर्जन प्रस्तावित किया गया है। दिल्ली रोड स्थित शाही ईदगाह पर मुख्य नमाज सुबह 7:45 बजे पढ़ी जाएगी। इस दौरान जली कोठी, घंटाघर और मेट्रो प्लाजा की कोई भी वाहन ईदगाह की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी के अनुसार भीड़ छंटने के एक घंटे बाद यातायात सुचारु कर दिया जाएगा।
ये होगा डायवर्जन
- दिल्ली, गाजियाबाद से मुजफ्फरनगर-रुड़की की ओर और मुजफ्फरनगर से दिल्ली व गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को परतापुर बाईपास व मोदीपुरम बाईपास से निकाला जाएगा।
- दिल्ली व बागपत की ओर से आने वाली रोडवेज बसें परतापुर बाईपास से कंकरखेड़ा रेलवे फ्लाईओवर से जीरो माइल चौराहे से होकर भैसाली अड्डे आएंगी-जाएंगी।
- मुजफ्फरनगर से गढ़ या मुरादाबाद जाने वाला ट्रैफिक जीरो माइल चौराहे से कमिश्नर आवास चौराहे से यूनिवर्सिटी से गढ़ रोड पर निकाला जाएगा। हापुड़ जाने वाले ट्रैफिक को यूनिवर्सिटी होते हुए तेजगढ़ी चौराहे से एल ब्लॉक से हापुड़ की ओर निकाला जाएगा।
इस रूट पर चलेंगी सिटी बसें
गांधी आश्रम, हंस चौराहा, सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास चौराहे से बाउंड्री रोड होकर जीरो माइल चौराहे तक आएंगी-जाएंगी।
शहर में इन मार्गों पर नहीं चलेंगे वाहन
- हापुड़ रोड से आने वाले वाहन एल ब्लॉक चौकी शास्त्रीनगर से आगे हापुड़ अड्डे की तरफ नहीं जाएंगे।
- गांधी आश्रम चौराहे से हापुड़ अड्डा की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। इसे हंस चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- ईव्ज चौराहे से वाहनों को अंबेडकर चौराहा, सर्किट हाउस की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- दिल्ली चुंगी और देहली गेट चौराहे से भूमिया पुल की ओर सभी तरह के वाहन बंद रहेंगे।
- हापुड़ अड्डा से गोला कुआं की ओर वाहन नहीं चलेंगे।
- घंटाघर से रेलवे रोड चौराहे ओर केसरगंज की ओर से सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
खास बातें:
5:00 बजे सुबह से दिल्ली रोड पर रहेगा डायवर्जन
7:45 बजे सुबह पढ़ी जाएगी शाही ईदगाह पर मुख्य नमाज
10:00 बजे सुबह के बाद सामान्य हो जाएगा यातायात