अब जेनरेटर मालिक ने बताए 13.35 लाख बकाया
होटल हारमनी प्रकरण
मेरठ। होटल हारमनी पर देनदारी लगातार सामने आ रही है। एक तरफ जहां रिलायंस कैपिटल अपने 24.50 करोड़ रुपये वसूलने के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर चुका है। वहीं दूसरे अन्य लेनदार भी सामने आते जा रहे हैं। नगर निगम के बाद मंगलवार को जेनरेटर मालिक ने 9 माह के किराए की देनदारी न होने का नोटिस चस्पा कर दिया। यह नोटिस रिलायंस कैपिटल को भी भेजा गया है।
जेनरेटर मालिक अजीत शर्मा की तरफ से जारी नोटिस में बताया गया कि उन्होंने अनुबंध के अनुसार होटल हारमनी के लिए 360 केवीए और 160 केवीए के दो जनरेटर स्थापित किए थे। इनके लिए लोहे का फाउंडेशन बनाने का तीन लाख रुपये का खर्च भी अजीत द्वारा किया गया था। दोनाें जेनरेटरों का किराया 1.15 लाख रुपये प्रतिमाह तथा टैक्स चुकाना तय हुआ था।
लेकिन होटल हारमनी द्वारा जुलाई 2017 से अब तक का किराया भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में किराए और फाउंडेशन पर आने वाले खर्च के कुल 13.35 लाख रुपये होटल मालिक हिमांशु पुरी पर बकाया हैं। जिसकी वसूली को अजीत शर्मा ने रिलायंस कैपिटल को भी इस बाबत नोटिस जारी कर नीलामी प्रक्रिया को उनकी वसूली होने तक अवैध बताया है। नोटिस में हिमांशु पुरी सहित रिलायंस कैपिटल को भी पार्टी बनाते हुए 15 दिन के भीतर पैसे का भुगतान कर रसीद प्राप्त न करने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गयी है।
आसान नहीं है होटल की नीलामी
होटल हारमनी पर नगर निगम एक सप्ताह पहले ही 15.49 लाख रुपये की देनदारी का नोटिस चस्पा कर चुका है। जिसमें निगम ने यह देनदारी पिछले दो साल की भवन कर और जल कर की बतायी है। अब जेनरेटर मालिक के नोटिस के बाद कुल देनदारी करीब 29 लाख पहुंच गयी है। जबकि अभी अन्य लेनदार भी विधिक नोटिस की तैयारी कर रहे हैं। क्योंकि हिमांशु पुरी पर शहर के व्यापारियों व अन्य लोगों का भी करोड़ों रुपये का कर्ज है। इसके अलावा अभी नजर जीएसटी विभाग पर भी लगी हैं, जो छापामारी के बाद कब्जे में लिए गए अभिलेखों के माध्यम से टैक्स की देनदारी का आकलन करने में जुटे हैं।
खास बातें:
जुलाई 2017 से अब तक की देनदारी को बताया बकाया
होटल मालिक के साथ रिलायंस कैपिटल को भी भेजा है नोटिस