मेरठ। गणतंत्र दिवस के चलते आज (मंगलवार) दिल्ली में होने वाली फुल ड्रेस परेड रिहर्सल के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
सीपीआरओ नितिन चौधरी ने बताया कि परेड रिहर्सल के चलते तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर बारह बजे तक डेढ़ घंटे तक रेल यातायात बाधित रहेगा। इसके चलते मेरठ सिटी स्टेशन से होकर गुजरने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को मेरठ सिटी स्टेशन पर ही 15 मिनट रोककर चलाया जाएगा।
वहीं, कोहरे और खराब मौसम के अलावा रेल सेक्शन पर चल रहा कार्य ट्रेनों की चाल में बाधा बन रहा है। सोमवार को रुड़की रेलवे स्टेशन पर मेंटेनेंस कार्य के चलते अहमदाबाद से हरिद्वार जाने वाली अहमदाबाद मेल को मेरठ सिटी स्टेशन पर ही रद कर दिया गया। इसके चलते ट्रेन से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से जाना पड़ा।
उधर, नौचंदी एक्सप्रेस निर्धारित आगमन समय से तीन घंटे की देरी से पहुंची। जबकि संगम एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल, शालीमार एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस एक से तीन घंटे की देरी से पहुंचीं। सुपर एक्सप्रेस के रद होने से यात्रियों को पहले से ही परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि रद करने के बाद से संगम एक्सप्रेस ने समय में सुधार किया है। नौचंदी अभी लेट चल रही है। इसे भी राइट टाइम करने की कोशिश चल रही है।