अपहृत जिला पंचायत सदस्य गोवा में कर रहा मौज
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
भाजपा के जिला पंचायत सदस्य को लेकर पुलिस पशोपेश में है। एक तरफ जहां भाजपाई उसका अपहरण किए जाने की बात कहकर दर्ज रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की मांग का दबाव बना रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ रविवार को अनुज वाल्मीकि का दूसरा वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वह गोवा में बीच पर समुद्र में अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य अनुज वाल्मीकि 13 अगस्त को अपने घर से चले गये थे। अनुज के जाने के बाद उनकी पत्नी द्वारा किठौर थाने में 15 अगस्त की रात अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके अगले ही दिन अनुज वाल्मीकि का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कह रहे हैं कि उनका अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि अपनी मर्जी से घूमने आए हैं और दो तीन दिन में वापस आ जाएंगे। इसके साथ ही आरोपी प्रदीप हुड्डा को उन्होंने निर्दोष बताया। बावजूद इसके भाजपाई एडीजी से लेकर एसएसपी तक अनुज वाल्मीकि को बरामद करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
रविवार को अनुज वाल्मीकि का एक दूसरा वीडियो और फोटो वायरल हुए। जिसमें वह गोवा में समुद्र के भीतर नहाते नजर आ रहे हैं। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य विक्की तनेजा आदि भी मौजूद हैं। इस वीडियो से साफ नजर आ रहा है कि अनुज वाल्मीकि अपनी मर्जी से गए हैं।
खास बात
अनुज वाल्मीकि का कई जिला पंचायत सदस्यों के साथ समुद्र में नहाते हुए वीडियो वायरल