मेरठ में हलाल प्रमाणित खाद्य पदार्थों के संबंध में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की छह टीमों ने शहर और देहात क्षेत्र में 20 स्थानों पर खाद्य पदार्थ बेचने वाले बड़े स्टोरों में छापामारी की। शास्त्रीनगर एच ब्लॉक में फ्रेंड्स बाजार में हलाल प्रमाणित नूडल्स के 16 पैकेट मिले। इन्हें जब्त कर नमूना जांच के लिए लखनऊ भेजा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और विक्रय पर (निर्यातक के लिए निर्यात के लिए उत्पादित खाद्य पदार्थ को छोड़कर) प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस बाबत मेरठ में खाद्य अधिकारियों की छह टीमों (तीन तहसील स्तर पर और तीन नगर निगम क्षेत्र में) का गठन किया गया है, जो जगह-जगह हलाल प्रमाणित उत्पादों का निरीक्षण कर रही हैं।