संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। कस्बे की नई बस्ती में घर के बाहर जंजीर से बांधकर रखे वसीम के 20 गैस सिलिंडर चोरी हो गए। पीड़ित ने दो युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए लावड़ चौकी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लावड़ निवासी वसीम ने पुलिस दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार देर शाम उसने घर के बाहर जंजीर से बंधे सभी 20 गैस सिलिंडर देखे थे। आरोप है कि देर रात चोर जंजीर तोड़कर सभी सिलिंडर चोरी कर ले गए। शनिवार को वसीम को एक ठेले पर सिलिंडर दिखाई दिया। उसने सिलिंडर को पहचान लिया और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
आरोप है कि पूछताछ करने पर युवक ने सिलिंडर चोरी करने की बात स्वीकार की। विरोध करने पर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चोरी हुए सिलिंडर बरामद कराने की गुहार लगाई है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-